सेज यूनिवर्सिटी में 10- 11 जनवरी को प्रज्ञा प्रवाह की दो दिवसीय अखिल भारतीय बैठक का आयोजन
भोपाल,9 जनवरीl सेज यूनिवर्सिटी में 10-11 जनवरी को प्रज्ञा प्रवाह की दो दिवसीय अखिल भारतीय बैठक का आयोजन होने जा रहा है। जिसमें संगठनात्मक संरचना के साथ-साथ कार्यकर्ता विकास पर मंथन होगा। इस बैठक में देशभर से संगठन के प्रमुख विचारक और कार्यकर्ता शामिल होने वाले है।
शहर में प्रज्ञा प्रवाह की आयोजित होने वाली दो दिवसीय संगठनात्मक बैठक का शुभारंभ शनिवार सुबह 9 बजे उद्धाटन सत्र के साथ प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक जे नंदकुमार, संजीव अग्रवाल, कुलाधिपति, सेज यूनिवर्सिटी, भोपाल एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी में होगा। उद्घाटन सत्र के बाद प्रांतों के विशेष वृत्तों पर चर्चा की जाएगी। बैठक के दौरान विभिन्न आयामों के समानांतर सत्र आयोजित किए जाएँगे। तत्पश्चात आयामों का संकलित वृत्त एवं योजना संबंधी सामूहिक सत्र होंगे। संगठनात्मक बैठक में कार्य विस्तार और कार्य पद्धति को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। बौद्धिक सत्र में संगठनात्मक दिशा पर वक्ताओं द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इसके उपरांत बैठक में देश के विभिन्न प्रांतों के वृत्त पर चर्चा करते हुए आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसमें संगठन के विस्तार, नए क्षेत्रों में सक्रियता और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
दूसरे दिन रविवार को शताब्दी वर्ष, पंच परिवर्तन, गुरु तेग बहादुर तथा बिरसा मुंडा बलिदान, राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यकर्ता विकास सत्र भी आयोजित किया जाएगा। जिसमें नेतृत्व निर्माण, अनुशासन और सेवा भावना पर विशेष जोर रहेगा। अंत में जिज्ञासा समाधान एवं समारोप सत्र के बाद दो दिवसीय बैठक का समापन वन्दे मातरम गीत के साथ सायं 6 बजे होगा।
बैठक स्थल पर लगी प्रदर्शनी में दिखेगा वंदे मातरम की 150 वर्ष की यात्रा का इतिहास
सेज यूनिवर्सिटी में आयोजित प्रज्ञा प्रवाह की बैठक में प्रदर्शनी भी लगाई गई हैl जिसमें वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर वंदे मातरम की 1875 से लेकर 24 जनवरी 1950 तक के इतिहास को 20 पैनल में प्रदर्शित किया गया हैl इसके अलावा
मध्यप्रदेश गौरव विषय पर आधारित प्रदर्शनी में विश्व धरोहर स्थल, मध्यप्रदेश की समृद्ध जैवविविधता, जनजाति नायक,
प्रमुख वीरांगनाओं और राजधानी भोपाल के इतिहास की भी
प्रदर्शनी लगाई गई हैl प्रदर्शनी में
5 पैनल प्रज्ञा प्रवाह के विचार मंथन तथा युवा और धर्मा से संबंधित विषय पर लगाए गई हैl प्रदर्शनी का उद्घाटन सुबह 8 बजे होगाl